, Nov. 1 -- बतौर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुर ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1980 में प्रदर्शित फिल्म 'जमाने को दिखाना है' से की। नासिर हुसैन निर्मित इस फिल्म में उनके नायक की भूमिका अभिनेता ऋषि कपूर ने निभाई थी। बेहतरीन गीत-संगीत के बावजूद फिल्म को टिकट खिड़की पर अपेक्षित सफलता नहीं मिली। वर्ष 1982 में प्रदर्शित फिल्म 'प्रेम रोग' में पदमिनी कोल्हापुरी के अभिनय के नए रूप देखने को मिले। राजकपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने एक विधवा का किरदार निभाया था। अपने भावपूर्ण अभिनय से उन्होंने दर्शकों का दिल जीतकर फिल्म को सुपरहिट बना दिया।फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गईं।
वर्ष 1982 में पद्मिनी कोल्हापुरी को सुभाष घई निर्मित फिल्म 'विधाता' में काम करने का अवसर मिला जो उनके करियर की एक और सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने अभिनय के अलावे एक गीत 'सात सहेलियां खड़ी खड़ी' को भी अपनी आवाज दी थी जो उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। हालांकि, बाद में यह गीत बैन कर दिया गया था। वर्ष 1983 में प्रदर्शित फिल्म 'सौतन' उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्हें सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ काम करने का अवसर मिला। फिल्म में एक अछूत कन्या का किरदार निभाया था। फिल्म में अपने संजीदा अभिनय के लिये पद्मिनी कोल्हापुरी सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित की गई।
वर्ष 1985 में प्रदर्शित फिल्म 'प्यार झुकता नहीं' पद्मिनी कोल्हापुरी के करियर की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उनके नायक की भूमिका मिथुन चक्रवर्ती ने निभाई थी। दोनों की जोड़ी को दर्शको ने बेहद पसंद किया। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए पद्मिनी कोल्हापुरी अपने करियर में दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित की गई।वर्ष 1986 में प्रदर्शित फिल्म 'ऐसा प्यार कहां' के निर्माण के दौरान उनका झुकाव निर्माता टुटु शर्मा की ओर हो गया और बाद में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद पद्मिनी कोल्हापुरी ने फिल्मों में काम करना काफी हद तक कम कर दिया।
वर्ष 1993 में प्रदर्शित फिल्म 'प्रोफेसर की पड़ोसन' के बाद पद्मिनी कोल्हापुरी ने फिल्म इंडस्ट्री से संयास ले लिया। वर्ष 2004 में प्रदर्शित मराठी फिल्म 'मंथन' से उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी वापसी की। फिल्म में उनकी भूमिका दर्शकों के बीच काफी सराही गई। उन्होंने अपने करियर में लगभग 60 फिल्मों में काम किया है। वह इन दिनों बॉलीवुड में अधिक सक्रिय नहीं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित