एमसीबी , नवंबर 18 -- छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए उठाए जा रहे कदम अब जमीनी स्तर पर असर दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल और प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान खरीदी की घोषणा के बाद किसानों में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है।
इसी क्रम में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेंद्रगढ़ ब्लॉक के पांच धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की शुरुआत मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही तौल मशीनें शुरू हुईं, किसानों में संतोष और भरोसे का माहौल नजर आया। सभी केंद्रों में खरीदी पूरी पारदर्शिता, कड़ी निगरानी और सुव्यवस्थित प्रबंधन के साथ संपन्न हुई।
जिला पीआरओ ने आज बताया कि केल्हारी केंद्र में सर्वाधिक खरीदी- केल्हारी उपार्जन केंद्र में सहायक नोडल अधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास की देखरेख में किसानों ने बढ़-चढ़कर धान विक्रय किया। यहां से सेमरिया के लक्ष्मण प्रसाद साहू ने 35.20 क्विंटल, गिरजा प्रसाद साहू ने 50 क्विंटल, गंगाराम ने 50 क्विंटल, गुलशेर ने 40 क्विंटल और त्रिभुवन नारायण सिंह ने 99.60 क्विंटल धान बेचा। कुल मिलाकर केल्हारी केंद्र में 274.80 क्विंटल की खरीदी हुई, जो ब्लॉक में सबसे अधिक रही।
डोडकी केंद्र में सुचारू खरीदी डोडकी केंद्र में तहसीलदार सतरूपा साहू और प्रभारी दीपक खलखो की उपस्थिति में 47.20 क्विंटल धान खरीदा गया। यहां बलरसिया निवासी किसान ने 7.20 क्विंटल तथा जगदीश सिंह गोंड ने 40 क्विंटल धान का विक्रय किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित