चंडीगढ़ , जनवरी 23 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में मनीमाजरा क्षेत्र के गोविंदपुर इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गयी। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद तीन बालक मलबे की चपेट में आकर घायल हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत मनीमाजरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में घायल होने वाले बालकों के नाम 12 वर्षीय चन्नी, 14 वर्षीय गौरव और 13 वर्षीय राहुल है। गौरव और चन्नी सगे भाई हैं जबकि राहुल पड़ोस में रहता है। हादसे के समय राहुल अपने दोस्त गौरव के घर आया हुआ था और तीनों बच्चे घर के अंदर बैठकर खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की छत गिर गयी और तीनों बच्चे उसके नीचे दब गये।
स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाये बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि चन्नी और गौरव की हालत फिलहाल स्थिर है। राहुल के सिर में गंभीर चोटें आयी हैं। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मनीमाजरा के सिविल अस्पताल से सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मकान काफी पुराना था और उसकी हालत पहले से ही जर्जर थी। लोगोंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में पुराने और कमजोर मकानों की जांच करायी जाये, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी गयी है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित