रांची , जनवरी 05 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए गए प्रस्तावित बदलाव के विरोध में सोमवार को 'मनरेगा बचाओ संग्राम' के तहत बापू वाटिका से लोक भवन तक पैदल मार्च निकाला गया।

मार्च में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीरीबेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी और प्रणव झा शामिल हुए। मार्च से पूर्व महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मनरेगा मजदूरों को कानून में बदलाव के खिलाफ अनवरत संघर्ष की शपथ दिलाई गई।

सभा को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि यूपीए सरकार ने मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण गरीबों को 100 दिनों के रोजगार का कानूनी अधिकार दिया था। इस योजना का मूल उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाना और ग्राम विकास को स्थानीय लोगों के हाथों में सौंपना था। उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब लाखों प्रवासी मजदूर गांव लौटे, तब मनरेगा ने उन्हें भूख से लड़ने का सहारा दिया। नए कानून में योजनाओं के चयन का अधिकार केंद्र सरकार के पास होगा, जिससे ग्राम पंचायतों की भूमिका कमजोर होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि यूपीए शासनकाल में मनरेगा का बजट लगातार बढ़ा, जबकि भाजपा सरकार ने इसमें कटौती की है। उन्होंने केंद्र-राज्य अंशदान को 90:10 से 60:40 करने को राज्यों पर आर्थिक बोझ डालने वाला निर्णय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों से गैर-भाजपा शासित राज्यों को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है।

विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि केंद्र सरकार जनता के हित में बने कानूनों को लगातार कमजोर कर रही है। उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों पर खतरे की आशंका जताई। वहीं विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लाए गए जनहितकारी कानूनों को मोदी सरकार बदलने का प्रयास कर रही है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा।

सांसद सुखदेव भगत ने मनरेगा के नाम में बदलाव को महात्मा गांधी के विचारों पर हमला बताया। वित्त मंत्री डॉ. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मौजूदा बजट में 125 दिनों के रोजगार का दावा अव्यावहारिक है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि बिना संबंधित वर्ग से संवाद किए कानून थोपना गलत है।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मनरेगा पर हमला सीधे तौर पर ग्रामीण गरीबों की आजीविका पर हमला है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

सभा का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने किया। कार्यक्रम में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और मनरेगा मजदूर शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित