पटना, मार्च 10 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा है कि नगर निकाय क्षेत्रों में मनमानी पार्किंग वसूली पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि इस तरह की शिकायतें विभाग को लगातार मिल रही थी कि नियमों के विरूद्ध राह चलते वाहनों से भी पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। साथ ही, कई पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क की दर तालिका प्रदर्शित नहीं होती है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों को निर्देश दिया गया है कि नगर निकाय क्षेत्र में राह चलते वाहन (ऐसे वाहन जो किसी पार्किंग स्थल पर खड़े नही है) से पार्किंग शुल्क की वसूली नहीं की जाए।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने नगर आयुक्तों और नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि नगर निकाय क्षेत्र में अवस्थित सभी वाहन पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क की दर तालिका अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाये। साथ ही, नगर निकाय क्षेत्र में शव वाहन से पार्किंग शुल्क की वसूली नहीं की जाए। उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिया है कि जो भी इन नियमों का उल्लघंन करें, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित