भोपाल , नवंबर 26 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार युवाओं के चहुँमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. यादव ने यहां स्थित बड़े तालाब के बोट क्लब पर आयोजित आठवीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स और 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विभाग प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है। भारत की प्राचीन संस्कृति में खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि अनुशासन, संतुलन और मानसिक दृढ़ता का माध्यम माने गए हैं। पुराने समय में नौकायन, तैराकी और जल प्रशिक्षण को सामरिक और शारीरिक दक्षता का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता था। वही परंपरा आज वॉटर स्पोर्ट्स के रूप में हमारे सामने है। इसमें तकनीक, सहन शक्ति और फोकस का वास्तविक परीक्षण होता है। राज्य सरकार के लिए रोइंग चैंपियनशिप की मेजबानी करना गर्व और आनंद का विषय है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के लिए बेहतर माहौल बना है। भारत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहा है। मध्यप्रदेश ने वॉटर स्पोर्ट्स में एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इसी वर्ष हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों, खेलो इंडिया, वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर उन्होंने चैंपियनशिप के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने चैंपियनशिप में शामिल 23 राज्यों के लगभग 500 खिलाड़ियों द्वारा देशभक्ति गीतों की धुनों पर प्रस्तुत मार्च पास्ट का अवलोकन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, महापौर श्रीमती मालती राय सहित अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित