कानपुर , मार्च 02 -- मध्य पूर्व एशिया में जारी तनाव के बीच कानपुर जिला प्रशासन ने ईरान,इजरायल समेत अन्य मिडिल-ईस्ट देशों में निवास कर रहे जिले के लोगों की जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया शुरु की है। प्रशासन के अनुसार ऐसे नागरिकों का विवरण एकत्र किया जा रहा है, जो ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, सऊदी अरब, कुवैत, इराक, इजरायल, कतर अथवा अन्य मिडिल-ईस्ट देशों में निवासरत, कार्यरत, अध्ययनरत, यात्रा पर गए हुए, अस्थायी रूप से ठहरे हुए अथवा किसी कारणवश वहां फंसे हुए हैं। इसके अतिरिक्त हाल ही में इन देशों से भारत लौटे नागरिकों की जानकारी भी मांगी गई है। इस पहल का उद्देश्य संभावित आपात परिस्थितियों में प्रभावित नागरिकों से त्वरित संपर्क स्थापित करना, आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करना तथा केंद्र एवं उत्तर प्रदेश शासन के स्तर पर समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना है।
जिले के लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य, रिश्तेदार अथवा परिचित उपर्युक्त देशों में मौजूद है, तो उनका नाम, पासपोर्ट संख्या, वर्तमान देश/शहर, स्थानीय संपर्क नंबर, भारत में स्थायी पता, भारत में परिजन का संपर्क नंबर तथा वर्तमान स्थिति (निवासरत/कार्यरत/यात्रा पर/फंसे हुए/हाल ही में लौटे) का विवरण अविलंब उपलब्ध कराएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित