कोलकाता , दिसंबर 29 -- पश्चिम बंगाल में मध्य कोलकाता के बीबी गांगुली स्ट्रीट इलाके में स्थित गेस्ट हाउस में कथित तौर पर एक प्रेमी ने महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया।
आरोपी को महिला की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उत्तर 24 परगना की निवासी 38 वर्षीय महिला अपने प्रेमी चेन्नई निवासी प्रदीप कुमार सेल्वराज (लगभग 40 वर्ष) के साथ रविवार को गेस्ट हाउस में ठहरी थी। कमरा लेने के कुछ ही समय बाद बंद कमरे में हिंसक घटना घटी। महिला की चीखें सुनकर गेस्ट हाउस के कर्मचारी कमरे की ओर दौड़े और उसे खून से लथपथ पाया। उन्होंने तुरंत मुचीपारा पुलिस स्टेशन को सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को बचाया, जिसे एनआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया जहां उसे सात टांके लगे हैं।
आरोप है कि प्रदीप ने महिला पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया, जिससे उसके कंधे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आयी। हमले के बाद वह गेस्ट हाउस से फरार हो गया। घायल महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि महिला के कुछ दस्तावेजों को लेकर हुए विवाद के कारण यह हमला किया गया , जो कथित तौर पर आरोपी के पास थे।
पुलिस ने कहा कि हमले के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच जारी है।आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांचकर्ताओं को पूछताछ के दौरान और अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है। महिला के ठीक होने के बाद पुलिस उसका विस्तृत बयान भी दर्ज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित