भोपाल , फरवरी 16 -- मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के 32वें स्थापना दिवस पर राजधानी स्थित निर्वाचन भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में आयोग की ब्रांड एंबेसडर सारिका घारू को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और नवाचारपूर्ण जागरूकता अभियानों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत, पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम, राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव एवं सचिव दीपक सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने सारिका घारू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।

सारिका घारू को यह सम्मान मतदाताओं को जागरूक करने और निर्वाचन प्रक्रियाओं में जनभागीदारी बढ़ाने, विशेषकर पेपरलेस पंचायत उपचुनावों में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने पपेट शो के माध्यम से आयोग की पेपरलेस इलेक्शन प्रणाली, अन्य राज्यों को ईवीएम उपलब्ध कराने तथा चुनाव मोबाइल एप की सफलता को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।

उल्लेखनीय है कि सारिका घारू लंबे समय से राज्य निर्वाचन आयोग की स्टेट ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अनेक नवाचार किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित