आगर-मालवा , फरवरी 05 -- राजस्थान की झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी और अवैध ड्रग निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मध्यप्रदेश में सक्रिय ड्रग निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 320.72 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल जब्त कर तीन आरोपियों को डिटेन किया गया है। जब्त केमिकल का उपयोग मादक पदार्थ निर्माण में किया जाना था।
बुधवार को झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि डीआरआई जयपुर से प्राप्त गोपनीय इनपुट के आधार पर जिला स्तर पर संयुक्त रणनीति बनाई गई थी। सूचना के अनुसार यह केमिकल महाराष्ट्र से कोटा होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था, जहां इसका उपयोग एमडी एवं सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण में किया जाना था।
उन्होंने बताया कि 03 फरवरी 2026 की रात्रि को थाना झालरापाटन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक फोर्ड कार को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 320.72 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उक्त केमिकल की डिलीवरी लेने के लिए जननारायण उर्फ मामू एवं उसका सहयोगी रामलाल, निवासी सुसनेर जिला आगर-मालवा मौके पर पहुंचे थे। दोनों को डिटेन कर जब गहन पूछताछ की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि यह केमिकल मादक पदार्थ एमडी और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण में प्रयुक्त किया जाना था।
इस जानकारी के आधार पर झालावाड़ पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के सुसनेर तथा राजगढ़ जिले के ग्राम माचलपुर में दबिश दी। यहां से ड्रग निर्माण से संबंधित उपकरण, केमिकल और अन्य सामग्री बरामद की गई।
मामले में दीपक पुत्र श्यामलाल ब्राह्मण (30) निवासी नरवल थाना आगरमालवा, जितेंद्र सिंह पुत्र कंवर सिंह राजपूत (41) निवासी ग्राम गोंदलमऊ थाना नलखेड़ा जिला आगरमालवा, शैलेन्द्र उर्फ शेलू पुत्र चंदू विलाला (26) निवासी गोंदलमऊ थाना नलखेड़ा जिला आगरमालवा, जयनारायण उर्फ मामू निवासी छावनी आगरमालवा तथा डिलीवरी लेने वाला रामलाल निवासी सुसनेर आगरमालवा को डिटेन किया गया है।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। बरामद केमिकल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही ड्रग फैक्ट्री के संचालन, सप्लाई चेन और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित