भोपाल बड़वानी , मार्च 02 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज जनजातीय अंचल बड़वानी में पहली बार "कृषि कैबिनेट" का आयोजन किया जाएगा।
️होली के अवसर पर बड़वानी के नागलवाड़ी में हो रही इस कैबिनेट के माध्यम से प्रदेश के किसानों को सौगात दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त कैबिनेट में कृषि को उद्योगों से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े निर्णय भी किए जाएंगे। साथ ही 'बगीचे से बाजार तक' मजबूत व्यवस्था बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
कैबिनेट में पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता और उद्योग सहित 17 विभागों द्वारा किसानों की समृद्धि को लेकर रोडमैप तैयार किया जाएगा।
बैठक के पहले मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि किसान कल्याण' के लिए समर्पित वर्ष 2026 में किसानों की समृद्धि एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य और नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश में पहली 'कृषि कैबिनेट' बड़वानी में आयोजित होगी। बैठक में किसान हित समेत प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा के साथ ही महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भगवान श्री भीलटदेव के लोक का लोकार्पण भी किया जाएगा। भगवान श्री ममलेश्वर के क्षेत्र में उनका आशीर्वाद भी मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित