भोपाल, 22 अक्टूबर 2025 (वार्ता) अमरावती (आंध्र प्रदेश) में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय "ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025" में मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।
मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से पावर लिफ्टिंग टीम में मेनेजर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला रावत के नेतृत्व में मंदसौर में पदस्थ आरक्षक भीम शंकर ने 105 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। साथ ही क्राइम ब्रांच इंदौर, डीसीआरबी शाखा में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक बबली खाकरे ने योगा चैंपियनशिप के सिंगल आर्टिस्टिक योगासन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अर्जित किया। वहीं जीआरपी इंदौर में पदस्थ उप निरीक्षक (अ) पूनम शर्मा ने ट्रेडिशनल योगासन सिंगल इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया।
इसी तरह, जम्मूकश्मीर में आयोजित ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 प्रतियोगिता में महिला आरक्षक दीक्षा शर्मा ने पेंचक सिलेट सेनी (तुंगगल) इवेंट में सिल्वर मेडल, आरक्षक कृष्णा वसुनिया ने कराते कुमिते इवेंट में कांस्य पदक, प्रधान आरक्षक मनोज पहारे ने कराते कुमिते इवेंट में कांस्य पदक और महिला आरक्षक तृप्ति पांडेय ने पेंचक सिलेट के टेंडिंग इवेंट में रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने इन अधिकारियों की उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और जवानों का समर्पण, परिश्रम और अनुशासन न केवल मध्यप्रदेश पुलिस का सम्मान बढ़ाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि विभाग के अधिकारी खेल और फिटनेस के क्षेत्र में भी अद्वितीय प्रतिभा रखते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन आगामी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और पुलिस बल की सशक्त, सकारात्मक एवं प्रेरक छवि को मजबूत करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित