भोपाल , फरवरी 3 -- मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिछले 48 घंटों के भीतर विदिशा और खरगोन जिलों में डकैती और चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने लगभग एक करोड़ 90 लाख रुपये की चोरी और लूट की संपत्ति जब्त की है।
विदिशा जिले के थाना त्योदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रायखेड़ी में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार मुख्य आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 44 तोला सोना, एक किलो 300 ग्राम चांदी, 10 लाख रुपये नगद, पांच मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा (.315 बोर) और एक तलवार बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, इस डकैती के खुलासे में सागर जिले के थाना राहतगढ़ क्षेत्र में डायल-112 पुलिस बल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई निर्णायक रही। रात्रि गश्त के दौरान एक आरोपी डकैती के बाद भागने का प्रयास कर रहा था, जिसने अपहृत संपत्ति सड़क पर गिरा दी। डायल-112 बल ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को मौके से ही संपत्ति सहित गिरफ्तार कर लिया। इससे मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पूरे गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।
वहीं खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूने मकानों और दुकानों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का माल कचरे के ढेर में छिपाकर रखना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 300 ग्राम सोने के बार, पांच किलोग्राम चांदी के बार, अन्य आभूषण और नगदी सहित लगभग 90 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही मामलों में अंतर-जिला समन्वय, डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी तथा तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित