भोपाल , दिसंबर 16 -- मध्यप्रदेश विधानसभा का कल एक दिवसीय अष्टम सत्र होगा, जिसमें मध्यप्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के विषय पर चर्चा आयोजित की जाएगी।
विधानसभा सचिवालय द्वारा पिछले दिनों जारी की गई अधिसूचना के अनुसार यह सत्र एक दिवस का होगा। इसमें मुख्य रूप से मध्यप्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के विषय पर चर्चा आयोजित की जाएगी।
सरकार इस सत्र में प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, हालिया योजनाओं की प्रगति, अधोसंरचना निर्माण, निवेश तथा जनकल्याण से संबंधित विषयों पर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगी। पक्ष और विपक्ष दोनों ओर के विधायक इस चर्चा में भाग लेंगे।
विधानसभा की 69वीं वर्षगांठ पर ये विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। 17 दिसंबर 1956 को राज्य विधानसभा की पहली बैठक हुई थी।
इसके पहले कल विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को विधानसभा में विशेष सत्र में लगने वाली प्रदर्शनी स्थल का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल विधानसभा की सात दशक की यात्रा से जुड़ी इस चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित