मधेपुरा , जनवरी 16 -- भारत की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) की जिला समिति ने भैरोपट्टी में एक विधवा महिला के अपहरण, बलात्कार और निर्मम हत्या की घटना की कड़ी निंदा की, इस जघन्य वारदात के विरोध में शुक्रवार को प्रतिरोध मार्च निकाला गया और उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।

पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुये सीपीएम नेत्री रामपरी ने कहा कि भाजपा- जदयू सरकार में अपराध बेलगाम हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी के गृहमंत्री बनने के बाद बिहार में बलात्कार, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने पूर्णिया, खगड़िया और पटना की घटनाओं का जिक्र करते हुये कहा है कि इन अपराधों से पूरे राज्य में भय का माहौल है।

सभा को संबोधित करते हुये वक्ताओं ने भैरोपट्टी कांड के दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही राज्य में कानून- व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

प्रतिरोध मार्च में सीपीएम के राज्य सचिव, मंडल सदस्य, कामरेड रणधीर यादव, जिला मंत्री राजेंद्र यादव, गणेश मानव, ललन यादव, श्याम सुंदर यादव, नूतन भारती, कौशल सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित