मधेपुरा, मार्च 15 -- मधेपुरा जिले की पुलिस ने अवैध आग्नेयास्त्र, मादक पदार्थ एवं शराब के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात एक युवक को अवैध हथियार और शराब सहित कई आपत्तिजनक सामानों के साथ गिरफ्तार किया है।
इस कर्रवाई में पुलिस ने अपराधी के घर से स्मैक, अवैध पिस्टल, कारतूस, विदेशी शराब तथा नकदी समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से जारी बयान के अनुसार पुलिस मुख्यालय पटना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कोशी क्षेत्र, सहरसा के निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्र, मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ विशेष समकालीन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 मार्च 2026 की रात गुप्त सूचना मिली कि बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरहरी वार्ड नंबर 01 निवासी अजय कुमार यादव अपने घर से स्मैक एवं शराब का कारोबार करता है तथा घर में अवैध हथियार भी छिपाकर रखा हुआ है।
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए सदर मधेपुरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सशस्त्र तथा महिला बल के साथ अजय कुमार यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
इसके बाद घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने 5.40 ग्राम स्मैक, एक देसी पिस्टल, एक कारतूस, दो बोतल विदेशी शराब, 91,470 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक डिजिटल तराजू तथा एक सिल्वर पेपर रोल बरामद किया।
इस संबंध में बेलारी थाना में कांड संख्या 16/26 दिनांक 15.03.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित