मधुबनी, फरवरी 22 -- बिहार में मधुबनी जिले की पुलिस ने लौकहा थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक और 1.2 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो अभियुयुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि 17 फरवरी को लौकहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराही के समीप हथियार का भय दिखाकर एक बाइक लूट ली गई थी। पीड़ित द्वारा लौकहा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। जिसके आधार पर लौकहा थाना कांड संख्या-33/26 दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई प्रारंभ की गई।
इस बीच सूचना प्राप्त हुई कि भारत-नेपाल सीमा से लक्ष्मीपुर गांव होते हुए एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति बैग में संदिग्ध सामग्री लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस बंदरझुली चौक पहुंची.पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। जिनमें से एक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक कुमार यादव बताया। बैग की तलाशी लेने पर 1.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मोटरसाइकिल की जांच करने पर वह लौकहा थाना कांड संख्या-33/26 में लूटी गई मोटरसाइकिल पाई गई। दीपक कुमार की निशानदेही पर फरार अभियुक्त कुलदीप कुमार यादव को झौहड़ी चौक से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने 17 फरवरी 2026 की रात्रि पिपराही में मोटरसाइकिल लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
इस मामले में अन्य फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिये छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित