मधुबनी , फरवरी 23 -- बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत लदनियां थाना क्षेत्र के गजहारा गांव में हुये सनसनीखेज डाका कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुये इस मामले में कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।

लदनियां थानाध्यक्ष अनुप कुमार के अनुसार, पहले योगिया गांव निवासी मो. हकिम को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। उसके बयान के आधार पर नेपाल पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके बाद नेपाल के सिरहा में चार अपराधियों को पकड़ा गया। हकिम ने बताया कि घटना को कुल नौ लोगों ने अंजाम दिया था, जिनमें भारत और नेपाल दोनों के अपराधी शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि बीते गुरुवार को सेवानिवृत्त संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दयाकांत झा के घर हथियार के बल पर दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति लूट ली गई थी। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये संयुक्त अभियान चला रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित