मधुबनी , मार्च 24 -- बिहार में मधुबनी जिले के उत्पाद विभाग ने शराब मामलों के विभिन्न कांडों में जब्त वाहनों को लेकर मंगलवार को नीलामी प्रक्रिया आयोजित की। न्यायालय के आदेशानुसार आयोजित इस नीलामी में मधुबनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित मामलों में पकड़े गए दोपहिया , तिपहिया और चार पहिया वाहनों को रखा गया था।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि कुल 429 वाहनों को नीलामी के लिए सूचीबद्ध किया गया था। उन्होंने बताया कि आज इस प्रक्रिया में 181 वाहनों की सफलतापूर्वक नीलामी की गई,जिससे विभाग को 21 लाख 40 हजार रुपए के राजस्व की प्राप्ति हुई है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि नीलामी को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया था,जिसके कारण लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जो वाहन पहले दिन नहीं बिक सके हैं उनकी नीलामी के लिए आगामी तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। जिसमें चार अप्रैल एवं नौ अप्रैल रखी गई है। पूरी नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में जिला परिवहन पदाधिकारी,जिला कोषागार पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय मुख्य रूप से शामिल थे। शेष बचे वाहनों की नीलामी के लिए भी विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित