मधुबनी , फरवरी 10 -- बिहार के मधुबनी जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने दो फर्जी उत्पाद अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सूचना मिली थी कि दो लोग स्वयं को उत्पाद विभाग का अधिकारी बताकर अवैध वसूली कर रहे हैंं। इस आधार पर राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिलखवार से रांटी बरही टोल के समीप छापेमारी की गयी। इस दौरान दो फर्जी उत्पाद अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांटी बरही टोल निवासी गोपी यादव के पुत्र दुर्गानंद कुमार एवं रांटी मोहनपुर निवासी हुकुमदेव यादव के पुत्र कमल कुमार के रूप में की गई है।
उत्पाद अधीक्षक बताया कि जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबारी निवासी रामसेवक यादव के पुत्र सुभाष यादव से दुर्गानंद कुमार और कमल कुमार ने फर्जी अधिकारी बनकर शराबबंदी कानून के नाम पर कार्रवाई की धमकी देते हुए 80 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित द्वारा दी गई सूचना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नगर थाना पुलिस के सहयोग से जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी पहले भी कई लोगों से इसी तरह ठगी कर चुके हैं।
उत्पाद अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि खुद को उत्पाद विभाग या किसी अन्य सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर पैसे की मांग करता है तो तुरंत संबंधित थाना या विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि फर्जी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिससे आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित