पटना , फरवरी 11 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को मधुबनी जिले में पंचायती राज विभाग, कलुआही प्रखंड में पदस्थापित कनीय अभियंता हरिशंकर कुमार को 12 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी आर्यन काश्यप ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि कनीय अभियंता हरिशंकर कुमार के द्वारा उनके फार्म काश्यप इन्टरप्राईजेज, मधुबनी द्वारा ग्राम पंचायत पाली मोहन, प्रखण्ड कलुआही में सेनेटरी वेंडिंग मशीन अधिष्ठापन योजना पूर्ण करने के बाद संबंधित राशि लगभग 3,00,000/- रुपये का भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता मोहम्मद वसिम फिरोज के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त हरिशंकर कुमार को 12 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए कलुआही प्रखण्ड कार्यालय परिसर, से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित