नयी दिल्ली , मार्च 10 -- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु के मदुरै एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बाद बताया कि चेन्नई, कोयम्बटूर और मदुरै तमिलनाडु के तीन बड़े शहर हैं। लंबे समय से स्थानीय लोग मदुरै एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा देने की मांग कर रहे थे। यह पुराना सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक केंद्र है। इस फैसले के बाद वहां विकास को और गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मदुरै एयरपोर्ट पहले से कस्टम अधिसूचित हवाई अड्डा है। वहां से दुबई, अबु धाबी और कोलंबो के लिए उड़ानों का परिचालन भी होता है और बुनियादी ढांचा पूरी तरह से तैयार है। कई विमान सेवा कंपनियों ने वहां से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने में रुचि दिखायी है।
अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा मिलने से मीनाक्षी अम्मम मंदिर, कूडल अजगर मंदिर, तिरुप्परनकुंद्रम मुरुगन मंदिर, पालामुदिरचोलाई मुरुगन मंदिर और रामेश्वरम् के लिए हवाई संपर्क बेहतर होगा। दुनिया के दूसरे देशों से भी लोग इन धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
श्री वैष्णव ने कहा कि इससे उस क्षेत्र में वाहन, रबड़, रसायन और ग्रेनाइट उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह शहर शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में भी उभरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित