कोटा , मार्च 12 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर जनता दर्शन के लिए कोटा जिले में अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी की पंचायत समिति लाडपुरा क्षेत्र के गांव में 13 मार्च से चार दिवसीय जनहिताय जन सुखाय पदयात्रा निकलेंगे।
श्री दिलावर ने गुरुवार को यहां पत्रकार वार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा शुक्रवार से प्रारम्भ होकर 16 मार्च को संपन्न होगी। यात्रा विधानसभा क्षेत्र के 24 गांव से होकर निकलेगी। उन्होंने यात्रा का नाम जनहिताय- जन सुखाय पदयात्रा रखा है। जिन गांवों में होकर यह यात्रा गुजरेगी उनमें नया गांव, डोबड़ा, पादमपुरा, कोथला, थोल पूरा, डडवाड़ा, भंवरिया, कँवरपुरा, हरिपुरा, राँवठा, सोहनपुरा, मोहनपुरा, मंदिर गढ़, केशवपुरा, जसपुरा, किशनपुरा, चाँद बावड़ी, गुजर ढाणी चाँद बावड़ी, डोलिया, भेरूपुरा, बोराबास, कोटा डैम की टापारिया, जमुनिया बावाड़ी तथा बॉलिंडा शामिल है।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा लगाए गए ग्रामीण सेवा शिविरों का फॉलो अप लेते हुए शिविर के माध्यम से प्राप्त हुई परी वेदनाओं एवं आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित करना तथा अभी भी वंचित रह रहे पात्र लाभार्थियों को चिह्नति कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है।
श्री दिलावर ने कहा कि कांग्रेस शासन में केवल चहेते लोगों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था फिर चाहे वह पात्र हो अथवा नहीं। गांव-गांव में बड़ी संख्या में पात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाली योजनाओं से वंचित रखा गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार चुन चुन कर गरीब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश मे बाड़ी संख्या मे सरकारी स्कूलों के पास जमीन के पट्टे नहीं होने से ज़मीन पर अतिक्रमण हो जाते थे। अब सरकार ने आदेश जारी कर दिया है कि प्रदेश के 37696 सरकारी स्कूलों को जिला कलेक्टरो के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर पट्टे दिए जायेंगे। स्कूलों को ज़मीनो का पट्टा मिलने के बाद भामाशाहों के माध्यम से एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से भवन निर्माण करने में आसानी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित