मथुरा , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन स्थित चैतन्य विहार में संचालित राजकीय बालिका संरक्षण गृह से सोमवार रात पांच किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में फरार हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज में किशोरियां कंबल ओढ़े हुए गेट से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं।
संरक्षण गृह की प्रभारी गायत्री मिश्रा ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच 14 से 17 वर्ष की पांच लड़कियां परिसर से बाहर निकल गईं। फरार किशोरियों में दिव्या (महावन), प्रियंका (नौहझील), आरायणा (दिल्ली), रूपा (अलीगढ़) शामिल हैं, जबकि एक अन्य की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार दो किशोरियां सुरक्षित अपने घर पहुंच चुकी हैं, जबकि तीन का अब तक पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संरक्षण गृह की अधीक्षिका से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज और सुरक्षा प्रबंधों की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान शुरू कर दिया है और संबंधित जिलों की पुलिस को भी सतर्क किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित