मथुरा , मई 2 -- मथुरा में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते बिजली बिलों से परेशान लोगों ने अब खुलकर विरोध शुरू कर दिया है। इसी क्रम में लक्ष्मी नगर क्षेत्र में शनिवार को महिलाओं ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर उतारकर सिर पर रखे और रैली निकाली।
महिलाएं नारेबाजी करते हुए लक्ष्मी नगर स्थित बिजली घर पहुंचीं, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध स्वरूप स्मार्ट मीटर सड़क पर फेंककर तोड़ भी दिए। प्रदर्शन के चलते इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शन कर रही रुक्मणी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली के बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं भगवती ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी उनके खराब मीटर को नहीं बदला गया। विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
धर्मावती ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली का बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडवांस भुगतान करने के बावजूद भी बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित