मथुरा , फरवरी 08 -- मथुरा में पुलिस लाइन के मुख्य गेट के सामने शनिवार देर रात एक युवक ने नशे की हालत में जमकर हंगामा किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 12 बजे युवक सड़क के बीच खड़ा होकर गुजरने वाली गाड़ियों पर पथराव करने लगा। अचानक हुए पथराव से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने किसी तरह अपनी गाड़ियां बचाईं।

इसी दौरान एक रोडवेज बस मौके पर पहुंची। बताया गया कि युवक बस पर भी पत्थर फेंकने के लिए आगे बढ़ा, तभी वह बस की चपेट में आ गया। चालक ने ब्रेक लगाई, लेकिन युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान महेश पुत्र नन्नी निवासी मीना बाजार, आगरा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उपचार के दौरान वह एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा से निकल गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि घटनास्थल के पास ही डीएम और एसएसपी कार्यालय स्थित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित