मथुरा , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा की गोविन्दनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के दो शातिर अपराधियों की साढ़े नौ करोड़ रुपये की अवैध अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया है।

भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर जब्तीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा विहार के निवासी योगेश (49) और राजन (42) ने एक संगठित गिरोह बनाकर अपराध जगत में पैर पसारे थे। इन दोनों भाइयों पर हत्या, रंगदारी, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि इन्होंने अवैध गतिविधियों से अर्जित धन का निवेश प्रॉपर्टी में किया था।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजा राल, राधाकुण्ड-छटीकरा मार्ग पर पहुँची। यहाँ आरोपियों की 0.8760 हेक्टेयर जमीन पर स्थित एक अर्ध-निर्मित बिल्डिंग और प्लॉट को सील कर दिया गया।जिसकी अनुमानित कीमत नौ करोड़ पचास लाख रुपये है,मौके पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किया गया।

सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आशना चौधरी और नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में मुनादी कराई गई ताकि आम जनता को सूचित किया जा सके कि यह संपत्ति अब सरकारी नियंत्रण में है। प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी की टीम ने मौके पर जब्तीकरण का बोर्ड लगाया और संपत्ति को सील करने की वैधानिक कार्रवाई की।

इस कार्रवाई ने जनपद के अपराधियों में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध की कमाई से खड़ी की गई किसी भी अवैध संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित