मथुरा , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत थाना रिफाइनरी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की आगरा इकाई ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 154 ग्राम एमडीएमए, नकदी, मोबाइल फोन, फर्जी पहचान पत्र तथा एक कार बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद एमडीएमए की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। इसके अलावा 15,920 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, बैंक कार्ड और फर्जी पुलिस पहचान पत्र भी बरामद किये गये हैं। तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय सिंह (35) निवासी रसूतपुर, फतेहाबाद (आगरा), आशीष सिंह (38) निवासी बिजुलपुरा, फतेहाबाद (आगरा) तथा एक महिला आरोपी के रूप में हुई है, जिसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को थाना रिफाइनरी क्षेत्र में दिल्ली-आगरा मार्ग पर थाने से करीब 200 कदम की दूरी से दोपहर लगभग 2:45 बजे गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी जयबिंद कुमार गुप्ता तथा एएनटीएफ निरीक्षक हरवेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित