मथुरा , जनवरी 12 -- हिंदू समाज को जागृत करना, सनातन संस्कृति का संरक्षण करना तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने सोमवार को यहां श्री गिरिराज जी के मुखारविंद जतीपुरा से हिंदू चेतना यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा का प्रथम चरण जतीपुरा से प्रारंभ होकर गांठौली, सकरवा, मलसराय, देवसेरस, मुड़सेरस, जानू, महरौली, पलसों, सींह, भगौसा, पाडल, नीमगांव, कुंजेरा, राधाकुंड, जमुना बटा, पाली ब्राह्मण होते हुए अड़ींग में संपन्न हुआ। यह यात्रा संपूर्ण ब्रज क्षेत्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश एवं देश को हिंदू एकता, संगठन एवं चेतना का सशक्त संदेश दे रही है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सह संपर्क प्रमुख डॉ. हरीश रौतेला जी, मथुरा विभाग के विभाग प्रचारक पारस पथ जी, कोसी जिले के जिला प्रचारक कुश चहर जी तथा मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक वृंदावन के गिरधर गोपाल जी महाराज की उपस्थिति रही।
डॉ. रौतेला ने अपने संबोधन में कहा कि यह यात्रा हिंदू जागरण एवं हिंदू चेतना को सशक्त बनाते हुए आगामी विराट हिंदू सम्मेलनों को एक मजबूत आधार प्रदान करेगी। गोवर्धन जैसी पावन भूमि से प्रारंभ होकर यह यात्रा संपूर्ण राष्ट्र में हिंदुत्व का संदेश प्रसारित करेगी। विभाग प्रचारक पारस पथ जी ने बताया कि मथुरा विभाग के तीनों जिलों में क्रमबद्ध रूप से विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। यह यात्रा उन सम्मेलनों की पूर्व तैयारी का महत्वपूर्ण चरण है। 15 जनवरी से 15 फरवरी तक विभिन्न स्थानों पर सम्मेलन संपन्न होंगे। जिला प्रचारक कुश चहर जी ने बताया कि कोसी जिले में 100 से अधिक हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाने की योजना है। गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव सहित अनेक तीर्थ क्षेत्रों में ऐतिहासिक आयोजन होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित