मथुरा , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा के शहर कोतवाली के व्यस्ततम चौक बाजार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े एक बुलियन कारोबारी को हथियारों के बल पर उठाकर ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बिना नंबर की गाड़ियों में सवार सादे कपड़ों में लोग अचानक बाजार पहुँचे। उन्होंने प्रमुख सर्राफा कारोबारी महेश चंद खंडेलवाल को घेर लिया, हथियार दिखाकर धमकाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए।
घटना के दौरान जब स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोप है कि सादा वर्दी र्धारियों ने उनके मोबाइल फोन तक छीन लिए और धमकाते हुए मौके से निकल गए। इस घटना से गुस्साए व्यापारियों ने चौक बाजार में मस्जिद के पास सड़क जाम कर दी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सर्राफा कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
व्यापारियों का कहना है कि जिस तरह से बिना नंबर की गाड़ियों में आकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया, वह किसी अपहरण से कम नहीं लग रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची और व्यापारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। अधिकारियों ने मामले की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित