मथुरा , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के जमुनापार इलाके से पिछले पांच दिनों से लापता वृद्ध रणवीर सिंह (60) के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिस उमा वाटिका में रणवीर ने अपनी जिंदगी के 40 साल नौकरी करते हुए गुजार दिए, उसी के संचालक के बेटे ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी।

रोपी सोनू ने पुलिस हिरासत में अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि उसने शव को एक कट्टे में बंद कर यमुना नदी में ठिकाने लगा दिया है।

महावन इलाके के नगला लोका निवासी रणवीर सिंह 18 जनवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। पुलिस द्वारा कोई ठोस सुराग न मिल पाने से नाराज परिजनों का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। बड़ी संख्या में परिजनों और ग्रामीणों ने थाना जमुनापार का घेराव कर जमकर हंगामा किया। परिजनों का सीधा आरोप था कि वाटिका संचालक और उसके बेटे सोनू ने मिलकर रणवीर की हत्या की है।

बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने वाटिका संचालक के बेटे सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने सच उगल दिया। सोनू ने कुबूल किया कि उसने वृद्ध रणवीर सिंह की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर यमुना में फेंक दिया। हालांकि, हत्या की असल वजह क्या थी, पुलिस अभी इस बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है।

आरोपी सोनू के कुबूलनामे के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की निशानदेही पर यमुना नदी के विभिन्न घाटों और संभावित स्थानों पर शव की बरामदगी के लिए गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित