मथुरा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत थाना शेरगढ़ में दर्ज एक साइबर अपराध मामले में फरार चल रहे 26 वांछित अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये सभी अभियुक्त थाना शेरगढ़ पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 44/2026 में वांछित हैं। इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं 318(4), 336, 338, 340(2), 111(3), 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी एवं 66डी के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है।
सूत्रों ने बताया कि अधिकांश आरोपी थाना क्षेत्र के विशम्भरा गांव के निवासी हैं और लंबे समय से फरार चल रहे हैं। पुलिस द्वारा जारी सूची में जुबैर, अज्जू उर्फ आजाद, अरशद, इकबाल, हुसैना, मुजाहिद, आबिद, आमीन, हाकमीन, साकिर, बण्डी, नासिर, हुन्ना, मुख्तियार, जानू, अनीस, इरशाद, निजाम, रुस्तम, साहिद सहित कुल 26 अभियुक्तों के नाम शामिल हैं।
एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि किसी भी अभियुक्त की गिरफ्तारी अथवा गिरफ्तारी में सहायक सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रति अभियुक्त 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस ने इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर तलाश तेज कर दी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि इन साइबर अपराधियों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित