मथुरा , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में हाल ही में हुई आंधी, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रविवार को विभिन्न गांवों का दौरा किया और अधिकारियों को समयबद्ध सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसील छाता के ग्राम चौमुंहा एवं पसौली तथा तहसील सदर के ग्राम देवी आटस का निरीक्षण कर खेतों में पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण गेहूं सहित अन्य फसलें खेतों में बिछ गई हैं।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फसल क्षति के सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता को निर्देश दिए गए कि सभी प्रभावित किसानों का पारदर्शी एवं प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि क्षति का आकलन शीघ्र कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए, जिससे प्रभावित किसानों को समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। किसानों ने बताया कि कटाई से पहले आई इस आपदा से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। इस दौरान राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित