सुलतानपुर , फरवरी 5 -- मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में कथित अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के आरोपों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुलतानपुर में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला कार्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए लाल डिग्गी चौराहा, सुपर मार्केट और डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और सत्ताधारी दल के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान जब सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने पहुंचे तो कांग्रेसियों ने उन्हें ज्ञापन देने से इनकार कर सीधे जिलाधिकारी से मिलने की मांग की। बाद में जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने का आश्वासन दिया, जिसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा गया। ज्ञापन में प्रत्येक विधानसभा और बूथ पर जमा फॉर्म-7 की सूची सार्वजनिक करने, आवेदनकर्ताओं की पहचान उजागर करने तथा दोषी बीएलओ व दबाव बनाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता बीएलओ पर दबाव बनाकर बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 जमा करा रहे हैं, जिससे योग्य मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ साजिश बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओ.पी. चौधरी, राहुल त्रिपाठी और पीसीसी सदस्य हौसला भीम ने भी मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित