बैतूल , फरवरी 07 -- मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने आ गए हैं।
कांग्रेस ने जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में फर्जी तरीके से मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ बताया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा और मुलताई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फर्जी फॉर्म-7 भरवाकर और झूठी आपत्तियां दर्ज कराकर मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम जानबूझकर सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे मजदूरों, महिलाओं और छात्रों को बार-बार तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कांग्रेस ने झल्लार और घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी गड़बड़ियों का दावा करते हुए कहा कि कई बूथों पर मतदाताओं के नाम, उम्र और पिता के नाम में त्रुटियां दर्ज की गई हैं। पार्टी ने दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित