वाराणसी , दिसंबर 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिये घर घर संपर्क जरुरी है।
बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर काशी पहुंचे श्री सिंह ने वाराणसी महानगर की तीन विधानसभाओं शहर दक्षिणी, शहर उत्तरी एवं कैंट में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने कहा कि त्रुटिहीन, प्रामाणिक एवं सत्यापित मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है। लोकतंत्र की मजबूती भाजपा का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि वाराणसी लोकसभा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और यह लोकसभा अन्य लोकसभाओं के लिए उदाहरण बने, इसके लिए हमें दिन-रात एक कर देना है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है और फर्जी मतदाताओं को सूची से बाहर करना है। उन्होंने कहा कि अभी भी हमारे पास 10 दिनों का समय है।
श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे टोलियां बनाकर घर-घर जाकर एक-एक मतदाता से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर तक प्रत्येक बूथ की सूची बनाएं, जिसमें ऐसे मतदाता शामिल हों जिन्होंने 2023 का अपना डेटा नहीं भरा है। दूसरा, ऐसे मतदाता जिन्होंने फार्म ले तो लिया है लेकिन अभी तक फार्म भरकर जमा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इन सभी फार्मों को 25 दिसंबर तक बीएलओ के पास जमा कराने के लिए नागरिकों को प्रेरित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित