इम्फाल , मार्च 23 -- मणिपुर पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में 15 उग्रवादियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किये हैं।
मणिपुर पुलिस ने उग्रवादी गतिविधियों पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कल थोउबल जिले के नोंगपोक सेकमाई थाना के अंतर्गत हाओखोंग क्षेत्र से एक प्रतिबंधित संगठन के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादी राज्य के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री जब्त की गई है। बरामद वस्तुओं में दो इंसास राइफल, आठ इंसास एलएमजी मैगजीन, पांच इंसास राइफल मैगजीन, इंसास गोला-बारूद के 100 राउंड, एक लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन, पांच हेलमेट, पांच पीठ पर लादने वाले झोले और चार चारपहिया वाहन शामिल हैं।
चुराचांदपुर जिले के के. गेलजांग क्षेत्र से उसी दिन एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए। जब्त की गई वस्तुओं में एक आरपीजी ग्रेनेड, तीन 30 मिमी ग्रेनेड, एक 81 मिमी मोर्टार बम, एक आईईडी, दो 40 मिमी ग्रेनेड, दो सिंगल-बैरल राइफल और 7.62 मिमी के सात कारतूस शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित