इंफाल , अप्रैल 12 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने 10-11 अप्रैल के दौरान कई जिलों में चलाये गये संयुक्त अभियान कई बंकरों को नष्ट किया गया, हथियारों और विस्फोटकों को जब्त किया गया और अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। संयुक्त अभियान में यह कार्रवाई क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अशांति पर नियंत्रण पाने के प्रयासों के तहत की गई।
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को उखरुल जिले में कुल 21 बंकरों को नष्ट किया। इनमें से 14 सिकिबंग में और सात बंकर लिटान थाना के अंतर्गत मोंगकोट चेपु गांव में हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जवानों ने 11 खाली कारतूस भी बरामद किए।
वहीं 10 अप्रैल को नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए गए एक अलग अभियान में मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के बेहियांग थाना के अंतर्गत हियांगतान गांव से दो लोगों -एच कामतुनमुंग और पॉलियनलाल को गिरफ्तार किया। दोनों वेंगनुम, सिंगनघाट के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 45 साबुन की डिब्बियों में संदिग्ध ब्राउन शुगर, साथ ही एक मारुति जिप्सी, दो मोबाइल फोन और उतने ही बैग जब्त किए। अधिकारियों को शक है कि यह प्रतिबंधित सामान अवैध वितरण के लिए ले जा रहे थे।
इस बीच कल सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना के अंतर्गत माओजांग, लिबुंग, गोमनोम और टी खोनुनजांग के तिराहे वाले इलाके से हथियार और विस्फोटकों का एक जखीरा बरामद किया। बरामद चीजों में मैगजीन के साथ दो 9एमएम पिस्तौल, 13 तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (आईईडीएस) शामिल थे जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, दो लड़ाकू वर्दी, एक जोड़ी जंगल के जूते और एक पिट्ठू बैग शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित