इंफाल , जनवरी 21 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई में कई उग्रवादियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी किए गए वाहनों को बरामद किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंफाल वेस्ट जिले में एक उग्रवादी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने इंफाल ईस्ट जिले से उग्रवादी संगठन के एक सक्रिय कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार जिंदा कारतूसों से भरी एक मैगजीन, चार्जर के साथ दो मोबाइल फोन और बिना पंजीकरण नंबर के एक काले रंग का दुपहिया वाहन बरामद किया।
इस बीच असम के कामरूप मेट्रो जिले में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है तथा आवश्यक खानापूर्ति के बाद दोनों को आगे की जांच के लिए मणिपुर वापस लाया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को भारत-म्यांमार सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या 72-73 के पास एक स्थान से तीन आईईडी बरामद किया और उसे वहीं पर बिना किसी नुकसान के निष्क्रिय कर दिया।
मणिपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ संयुक्त अभियान में छह चोरी की गाड़ियां बरामद की और एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित