इंफाल , अप्रैल 01 -- सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में अवैध गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में एक प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि एक सक्रिय सदस्य को पुंडोंगबाम माखा लेइकाई से पकड़ा गया, जबकि दूसरे को लामलाई थाना क्षेत्र के चाना मयाई लेइकाई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए पूरे राज्य में खुफिया जानकारी पर आधारित तलाशी और घेराबंदी अभियान तेज कर दिए गये हैं। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिया गया है।

एक अलग अभियान में, सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तेंगनौपाल जिले के तेंगनौपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैवोम रिज के वन क्षेत्र से हथियार, गोला-बारूद और शक्तिशाली विस्फोटकर उपकरण (आईईडी) का एक जखीरा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों में चार 9 एनएन पिस्तौल, चार मैगज़ीन और 12 आईईडी शामिल हैं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। ज़ब्त की गई अन्य चीज़ों में कपड़े और यूनिफ़ॉर्म, एक कॉम्बैट शर्ट, दो जोड़ी कॉम्बैट पैंट, दो कॉम्बैट जैकेट, एक कॉम्बैट कैप और एक कॉम्बैट हैंडबैग शामिल है। बरामद की गई सभी चीज़ें ज़रूरी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दी गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित