इंफाल , दिसंबर 25 -- मणिपुर में गुरुवार को यीशु मसीह के जन्म के अवसर पर क्रिसमस का उत्सव प्रार्थना, कैरल गायन एवं सामुदायिक समारोहों के साथ मनाया गया।
पूरे राज्य के गिरजाघरों को रोशनी से सजाया गया और सामूहिक प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
पिछले एक साल से गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे राज्य के लोगों ने शांति, एकता और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थनाएं की। मौजूदा हालात के बावजूद राज्य में उत्सव का माहौल था और परिवारों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। लोगों ने साथ मिलकर भोजन किया और धर्मार्थ गतिविधियों में शामिल हुए।
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने राज्य के लोगों को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस लोगों को प्रेम, करुणा, क्षमा और दूसरों की सेवा जैसे मूल्यों की याद दिलाता है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि यह महोत्सव लोगों को आपसी विश्वास को मजबूत करने, सद्भाव को बढ़ावा देने और राज्य में स्थायी शांति एवं विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
राज्यपाल ने सभी नागरिकों को सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की शुभकामनाएं भी दीं।
मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रता सिंह ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि क्रिसमस एक ऐसा त्योहार है जो भाईचारे एवं निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी समुदायों से शांति और सहअस्तित्व के संदेश को बनाए रखने और समाज में विश्वास एवं एकता के पुनर्निर्माण में सकारात्मक योगदान देने की अपील की। उन्होंने कामना की कि यह उत्सव राज्य में नयी आशा एवं स्थिरता लेकर आए।
सामुदायिक नेताओं और चर्च संगठनों ने भी इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सुलह एवं समझ का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित