इंफाल , मार्च 15 -- मणिपुर में रविवार को भारी बारिश और तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर मकान क्षतिग्रस्त हो गए तथा बिजली के खंभे उखड़ गए।

मुख्यमंत्री वाई खेमचंद ने अधिकारियों को उच्च सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जतायी गयी है।

मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों के लिए गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश और ओलावृष्टि से कई परिवार प्रभावित हुए हैं और राहत दलों को तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिये गये हैं।

उन्होंने कहा, "हाल ही में हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने हमारे राज्य के कुछ हिस्सों को प्रभावित किया है, जिससे कई परिवारों और समुदायों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा हालात को देखते हुए, मैंने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पूरी तरह से सतर्क रहें और प्रभावित लोगों पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए तत्काल और मिलकर कदम उठाएं।"उन्होंने कहा, "राहत और बचाव टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तेज़ी से काम करें ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ज़रूरी सहायता ज़रूरतमंदों तक बिना किसी देरी के पहुंच जाए। संबंधित विभाग हालात पर करीब से नज़र रख रहे हैं और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ज़मीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।"इस बीच, बिष्णुपुर जिले के थांगा क्षेत्र में तेज आंधी से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन ने विभिन्न जिलों में हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित