इंफाल , जनवरी 13 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंफाल पश्चिम जिले में सुरक्षा बलों ने लामसांग पुलिस थाना के तहत लामदेंग जलापूर्ति इलाके की ओर जाने वाली सड़क के पास लैंगोल रिजर्व फॉरेस्ट हिल से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। बरामद सामान में एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर) के साथ दो मैगज़ीन, दो सिंगल-बैरल बंदूकें, तीन मैगज़ीन के साथ तीन पिस्तौल, 7.62 एमएम एसएलआर गोला-बारूद के 20 राउंड, एक नंबर 36 हाई-एक्सप्लोसिव ग्रेनेड, आठ ट्यूब लॉन्चर और एक हैंड-हेल्ड कम्युनिकेशन सेट शामिल था।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा कर्मियों ने इंफाल पूर्व जिले में थोउबल बांध पुलिस थाना के तहत मोंगलाम इलाके से गश्त के दौरान एक अज्ञात धातु की वस्तु बरामद की, जिसके बारे में संदेह है कि यह स्थानीय रूप से बनाया गया मोर्टार (पंपी) है।
इस बीच, सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के थांगमेइबंद सिनाम लीकाई से रंगदारी मांगने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि एक अलग अभियान में, आठ जनवरी को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना लीकाई में एक पेट्रोल पंप पर विस्फोट करने में कथित रूप से शामिल एक सक्रिय उग्रवादी को काकचिंग जिले से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पेट्राेल पंप विस्फोट में शामिल अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है, और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित