इंफाल , फरवरी 03 -- मणिपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों में समन्वित अभियान चलाकर हथियार एवं विस्फोटक बरामद किए, उग्रवादी तत्वों को गिरफ्तार किया तथा मादक पदार्थों और अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

तेंग्नौपाल जिले के तेंग्नौपाल थाना क्षेत्र के बोंगमोल और एसएल जौगाम इलाके से सोमवार को सुरक्षा बलों ने हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसमें एक एके-47 राइफल (मैगजीन सहित), दो पिस्तौल, दो सिंगल बैरल राइफल, 11 जिंदा कारतूस, सात खाली खोखे, तीन रेडियो सेट, कॉम्बैट ड्रेस की दो पैंट, दो जोड़ी जूते, आईईडी वायर और 18 शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण (आईईडी) शामिल हैं। बरामद आईईडी को मौके पर ही मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत नष्ट कर दिया गया।

एक अन्य कार्रवाई में इम्फाल पश्चिम जिले के मयांग इम्फाल थाना क्षेत्र के कोनचक मखा लेईकाई से एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह, इम्फाल पश्चिम के लमसांग थाना क्षेत्र के लामबाल आवांग लेईकाई स्थित एक और सक्रिय उग्रवादी को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया है।

अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान में काकचिंग जिले के सुग्नु थाना क्षेत्र के सुग्नु बाजार से आंद्रो के दो निवासियों को गिरफ्तार किया गया।

मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में इम्फाल पूर्व जिले के पोरोमपत थाना क्षेत्र के न्यू चेकॉन ट्राइबल मार्केट से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 के 15 साबुन डिब्बे (लगभग 417 ग्राम) और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित