इंफाल , फरवरी 08 -- मणिपुर के कुकी-जो विधायक वुंगजागिन वाल्टे को रविवार को चिकित्सकीय आपात स्थिति के चलते इंफाल से नयी दिल्ली एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम स्थित मेदांता-द मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
श्री वाल्टे मई 2023 में इंफाल में हुई हिंसा के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे। दिल्ली में लंबे इलाज के बाद वे चुराचांदपुर में रह रहे थे। शनिवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें चुराचांदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां आईसीयू में भर्ती किया गया।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने रातभर उनके स्वास्थ्य की निगरानी की और आधी रात के आसपास इंफाल से डॉक्टरों की टीम के साथ एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस चुराचांदपुर भेजी। टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंफाल के डॉक्टर लगातार चुराचांदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की टीम के संपर्क में रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने थानलोन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा विधायक वाल्टे को एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजने की तत्काल व्यवस्था की।
रात उनकी हालत नाजुक बनी रही, हालांकि बाद में स्थिति में कुछ सुधार होने पर उन्हें दोपहर करीब तीन बजे चुराचांदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से उन्हें इंफाल के लिए रवाना किया गया। जिला उपायुक्त उनके साथ थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित