समस्तीपुर , फरवरी 26 -- ेन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि मखाना उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए पूसा में मखाना अनुसंधान केंद्र खोला गया है।

केन्द्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने आज समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ.राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय में मखाना अनुसंधान विकास केंद्र का उद्वघाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के आर्थिक विकास के प्रति कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि बिहार मे मखाना की खेती एवं गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित इस विश्वविद्यालय में मखाना अनुसंधान विकास केंद्र की स्थापना की है।

श्री ठाकुर ने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि मंत्रालय बिहार समेत देश मे काम कर रहा है।

इस अवसर पर भारत सरकार के बागवानी आयुक्त डॉ..प्रभात कुमार ने कहा कि वर्तमान मे 35 से 38 हजार हेक्टेयर में मखाना की खेती की जा रही है,जिसे बढ़ाकर 55 से 60 हजार हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मखाना के उत्पादकता को दोगुना करने के लिए यह केंद्र प्रसंस्करण, विपणन और गुणवत्तापूर्ण मखाना के उत्पादन में काम करेगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.पी.एस. पाण्डेय ने बताया कि इस केंद्र के खुल जाने से विश्वविद्यालय का दायित्व काफी बढ़ गया है। इसलिए मखाना के शोध एवं प्रोडक्शन के लिए 16 वैज्ञानिकों की एक टीम बनाई गई है, जो शोध के कार्य और नई तकनीकों को विकसित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित