पटना , फरवरी 23 -- बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि सरकार प्रदेश में मक्का किसानों के हितों की रक्षा के किये प्रतिबद्ध है और केंद्र सरकार के बिहार में इथेनॉल खरीद का कोटा बढ़ाने के लिए बातचीत चल रही है।

श्री जायसवाल ने विधायक कोमल सिंह के तारांकित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस समय प्रदेश में काम कर रहे इथेनॉल प्लांटों में 11 का सरकार के साथ अनुबंध है, जिनसे सरकारी तेल कम्पनियां खरीद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में 35 करोड़ लीटर इथेनॉल की खरीद की जा रही है, जो केंद्र सरकार की तरफ से निर्धारित कोटे से 11 करोड़ लीटर कम है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी, सांसद संजय झा के साथ उनकी मुलाकात इस विषय पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से हुई है और उनसे अनुरोध किया गया है कि शेष 11 करोड़ लीटर इथेनॉल की खरीद भी बिहार में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इथेनॉल का कोटा बढ़ने से मक्का की कीमतों में गिरावट पर काबू पाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर के आसपास मक्का से जुड़े औद्योगिक इकाइयां काम कर रही हैं, जिन पर 714 करोड़ का निवेश किया गया है। उन्होंने कहा कि मक्का प्रक्षेत्र में इस फसल से जुड़े 58 नए उद्योगों को स्वीकृति दी गयी है, जिस पर 2958 करोड़ का निवेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय आठ ऐसे इथनॉल प्लांट हैं जिनको सरकार की मंजूरी नही है और उन्हें खरीद का कोई आश्वासन नही दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित