औरंगाबाद , जनवरी 16 -- बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने शुक्रवार को कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, समानता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

कांग्रेस अध्यक्ष श्री राम की ओर से मकर संक्रांति पर्व के शुभ अवसर पर औरंगाबाद जिला अंतर्गत कुटुंबा में पारंपरिक दही-चूड़ा सामूहिक भोज एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

श्री राम ने इस अवसर पर कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, समानता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। दही-चूड़ा जैसे पारंपरिक भोज हमारी सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं और समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जन-जन के सुख-दुख में सहभागी रही है और आगे भी बिहार की जनता के हित, अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने, जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सामाजिक सद्भाव को कायम रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक आनंद शंकर , औरंगाबाद जिला के कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित