जयपुर , मार्च 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों की खुशहाली प्रदेश की समृद्धि का मूल आधार बताते हुए कहा कि नई तकनीक और परंपरागत तरीकों की पूरी जानकारी देकर ना केवल फसल उत्पादन बढ़ाया जा सकता है बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है।
श्री शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026' को लेकर बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में आगामी 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026' (ग्राम) का आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने मई के द्वितीय पखवाड़े में आयोजित होने वाली 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026' के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के अधिकाधिक कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और तकनीकी जानकारों को इस आयोजन से जोड़ा जाए, ताकि किसान इसका अधिक से अधिक लाभ ले सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'ग्राम-2026' के सफल क्रियान्वयन से कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक और निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही किसानों को देश-विदेश के विशेषज्ञों के अनुभव और तकनीकी जानकारी का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि गांव-गांव जन जागरण अभियान चलाकर किसानों को जागरुक किया जाए। साथ ही, प्रगतिशील किसानों, पशुपालकों, डेयरी एवं मत्स्य पालकों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर पुरस्कृत भी किया जाए।
उन्होंने कहा कि कृषि पर्यवेक्षक, कृषि मित्र, ग्राम सेवा सहकारी समितियों और डेयरी समितियों सहित आयोजन से जुड़े कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाए। साथ ही, 'ग्राम-2026' से संबंधित सभी विभागों की विशेष जानकारियों का संकलन करते हुए एक मार्गदर्शिका भी तैयार की जाए।
बैठक में अधिकारियों ने 'ग्राम-2026' को लेकर अब तक की तैयारियों का प्रस्तुतिकरण दिया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने संबंधी कार्ययोजना के बारे में संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा विभागीय अधिकारियों को सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फिक्की के प्रतिनिधि मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित