हैदराबाद , फरवरी 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने सोमवार को चंद्रयानगुट्टा के बरकस क्षेत्र में स्थित श्री द्विमुखी हनुमान मंदिर पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने इस घटना को अमानवीय और जघन्य बताया, जिसमें भगवान हनुमान की मूर्ति को खंडित किया गया था।

श्री राव ने एक बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के तहत तेलंगाना में हिंदू मंदिरों और मूर्तियों पर हो रहे बार-बार के हमले कोई छिटपुट घटनाएं नहीं हैं, बल्कि ये सनातन धर्म के खिलाफ 'नियोजित साजिश' का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य भर में दर्जनों ऐसी घटनाओं के बावजूद सरकार की चुप्पी हिंदू समुदाय पर हमलों के लिए अप्रत्यक्ष समर्थन के समान है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार आरोपियों को 'भटका हुआ' या "मानसिक अस्वस्थ' बताकर जो नरमी बरत रही है, उससे हिंदू विरोधी तत्वों का हौसला बढ़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं पर पुलिस की प्रतिक्रिया कमजोर थी। उन्होंने सरकार पर प्रशासनिक विफलता का आरोप लगाया और कहा कि ऐसा तब है, जब गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है।

श्री राव ने सरकार पर कानून-व्यवस्था से ज्यादा वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर में तोड़फोड़ और मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं राज्य में शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित